मुजफ्फरनगर (उ.प्र.)। 38वीं जूनियर नेशनल नेटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल में टीम ने बिहार को 21-18 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। इस जीत के साथ ही टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है और अब उसकी नजर फाइनल में जगह बनाने पर है।
प्रतियोगिता की शुरुआत से ही छत्तीसगढ़ की टीम का प्रदर्शन दमदार रहा है। लीग मुकाबलों में टीम ने पहले मैच में तेलंगाना को 31-1 के बड़े अंतर से हराया, वहीं दूसरे मैच में गुजरात को 18-14 से शिकस्त दी। इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश को 27-6 से पराजित कर टीम ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। क्वार्टर फाइनल में बिहार के खिलाफ कड़े मुकाबले में 21-18 की जीत ने टीम की मजबूती साबित कर दी।

टीम की इस सफलता में जांजगीर-चांपा जिले की खिलाड़ी मेघा कुमारी डहरिया का अहम योगदान रहा है, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। टीम में कप्तान टी. साईका (दुर्ग), सोनाक्षी मांडवी (दुर्ग), निशा वर्मा व सुषमा नायक (रायपुर), झिलमिल सोनकर (राजनांदगांव), सिमरन भगत व रुद्राक्षी (सरगुजा) तथा प्रियंका व पूजा (धमतरी) शामिल हैं, जो बेहतरीन तालमेल के साथ खेल रही हैं।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के सचिव राजेश राठौर के अनुसार, खिलाड़ियों की सफलता के पीछे 10 से 18 फरवरी तक जांजगीर के खोखरा में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर का बड़ा योगदान है। टीम को कोच पूनम निषाद और मैनेजर नितेश का कुशल मार्गदर्शन मिल रहा है।
टीम की इस उपलब्धि पर एसोसिएशन की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा सहित प्रदेशभर में खुशी की लहर है। अब सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ का मुकाबला पंजाब से होगा, जहां टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
यह जानकारी नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के एक्जीक्यूटिव मेंबर मोहन राव ने दी है ।