सर्व समाज प्रमुखों ने दिखाई हरी झंडी
रायपुर। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के 1501वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में सोमवार 24 अगस्त को RHS राष्ट्रीय हुसैनी सेना की ओर से बाइक जुलूस निकाला गया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में युवा और समाजजन रैली में शामिल हुए।
रैली की शुरुआत औलिया चौक स्थित बंजारी बाबा दरगाह के सामने से हुई। सर्व समाज प्रमुखों की मौजूदगी में सरदार अमरजीत सिंह छाबड़ा, अध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग, मसीह समाज के राजेश जॉन पॉल, ललित मिश्रा (सर्व ब्राह्मण समाज) और विकास बजाज सहित अन्य प्रमुखों ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय हुसैनी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहिल रउफी, सरपरस्त नईम अशरफी रिजवी, उपाध्यक्ष कय्यूम अली, रफीक गोठिया, शेख अफसर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नेहाल खान, प्रदेश महामंत्री मो. जाकिर, प्रदेश सचिव एहतेशाम हुसैन एवं शेख हाफिजुद्दीन हफिज सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।
रायपुर जिला अध्यक्ष मोहम्मद आमिर खान के नेतृत्व में बाइक रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान युवाओं ने “सरकार की आमद मरहबा” के नारे लगाए। रैली स्टेडियम, ओसीएम चौक, फव्वारा चौक, बायरन बाजार मस्जिद, छोटापारा, बैजनाथपारा, एवरग्रीन चौक, नगरघड़ी चौक, राजातालाब और पंडरी होते हुए मौदहापारा थाना के सामने से हंडी वाले बाबा की दरगाह पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।
जिला अध्यक्ष मोहम्मद आमिर खान ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद शहर के विभिन्न वार्डों से युवाओं ने उत्साह के साथ रैली में भाग लिया। उन्होंने सभी समाजों के प्रमुखों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।